फोटो संख्या:53- नगर पालिका कार्यालय में बैठक में विचार-विमर्श करते नगर पालिका प्रधान रमेश सैनी
महेंद्रगढ़। नगर पालिका कार्यालय में सोमवार को होने वाली हाउस की बैठक सचिव प्रशांत परासर के नहीं पहुंचने के कारण स्थगित हो गई। बैठक में 18 महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी थी और पार्षदों का कोरम भी पूरा था। अब बैठक 27 अगस्त को दोपहर 1 बजे होगी।
सुबह 11 बजे शुरू होने वाली बैठक के लिए 11 पार्षद व प्रतिनिधि व दो मनोनीत पार्षद पहुंचे थे। सभी ने करीब 1 घंटे 20 मिनट तक सचिव का इंतजार किया लेकिन उनके नहीं आने पर बैठक नहीं हो सकी। नगर पालिका प्रधान रमेश सैनी ने बताया कि सचिव जनपरिवेदना समिति की बैठक में व्यस्त थे।
विकास कार्यों पर होना था फैसला
बैठक में प्रत्येक वार्ड के लिए 1.50 लाख रुपये तक के विकास कार्यों का बजट उपलब्ध कराने, अनुसूचित जाति और अन्य वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के सर्वे सहित सब्जी मंडी से बालाजी चौक तक सड़क व नाला निर्माण पर चर्चा प्रस्तावित थी। सैनीपुरा सामुदायिक केंद्र की चारदीवारी और टिन शेड व घर-घर कचरा संग्रहण एजेंसी के पुराने भुगतान संबंधी कानूनी नोटिस का मुद्दा भी एजेंडे में था।
पार्क, सड़क और सुविधाओं के प्रस्ताव
हुड्डा पार्क के पास दिव्यांगों, महिलाओं और बच्चों के लिए पार्क बनाने, सीसीटीवी व लाइटिंग लगाने तथा प्रमुख स्थानों पर सोलर लाइट लगाने के प्रस्ताव शामिल थे। श्मशान घाट और धोलपोश में पानी, टंकी व शौचालय की सुविधा विकसित करने की योजना भी रखी जानी थी। इसके अलावा मांस की दुकानों को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने, ट्रैफिक सुरक्षा उपकरण लगाने, छोटे बूथ व मीडिया सेंटर की व्यवस्था, हाईमास्ट लाइटें ठीक कराने और एक सड़क का नाम पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के नाम पर रखने जैसे मुद्दे भी एजेंडे में शामिल थे।
-
वर्जन:
बैठक 11 बजे होनी तय थी, लेकिन सचिव के जनपरिवेदना समिति में जाने के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी। इसके चलते 18 मुद्दे रह गए और अब इन पर 27 अगस्त को चर्चा की जाएगी और मुद्दों पर सहमति के अनुसार पास किया जाएगा।
-रमेश सैनी, प्रधान, नपा महेंद्रगढ़