महेंद्रगढ़। आदर्श रेलवे स्टेशन महेंद्रगढ़ पर रेलयात्रियों को महज एक ट्रेन में मासिक टिकट पास की सुविधा मिल रही है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को प्रतिदिन गुजरने वाली 24 ट्रेनों में मासिक पास की सुविधा नहीं मिल रही है। महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी व लोहारू रूट पर प्रतिदिन 24 ट्रेनों का संचालन होता है। क्षेत्र के लोगों को महज बीकानेर से रेवाड़ी पैसेंजर ट्रेन में ही इसका लाभ दिया जा रहा है। जबकि 30 ट्रेनों का प्रतिदिन स्टेशन पर ठहराव होता है।
दैनिक रेल यात्री महासंघ के प्रधान रामनिवास पाटोदा ने बताया कि डेढ़ साल से ट्रेनें बंद थी अब ट्रेन शुरू होने पर एमएसटी की सुविधा नहीं दी गई है। कई रूटों पर इसी माह से मासिक टिकट लागू किए हैं। लेकिन महेंद्रगढ़-रेवाड़ी रूट पर केवल एक ट्रेन में ही एमएसटी लागू की है। महासंघ ने रेल मंत्री से पहले की तरह सभी ट्रेनों में मासिक टिकट पास प्रणाली लागू करने की मांग उठाई है।
अनारक्षित टिकट व्यवस्था हो शुरू
महेंद्रगढ़ आदर्श स्टेशन पर इस समय केवल आरक्षण कराने वाले यात्रियों को ही ट्रेन में सफर करने की सुविधा दी जा रही है। जबकि अन्य स्टेशनों पर अनारक्षित प्रणाली लागू हो चुकी है। इसके अलावा दैनिक रेलयात्री महा संघ ने दिल्ली-हिसार व हिसार-दिल्ली, सीकर-रेवाड़ी, रेवाड़ी सीकर ट्रेनों को दोबारा से चलाने की मांग की है।