फोटो 17क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन करते रामेश्वर दास। स्रोत: ग्रामीण
मंडी अटेली। महामंडलेश्वर रामेश्वरदास ने रविवार को गांव ताजपुर में बाबा नृसिंह भगवान क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में 18 टीमें हिस्सा ले रही हैं। वहीं मोहनपुर ने खोड़ को हराया, पटीकरा ने दुलोठ जाट को व भड़फ ने माजरी को शिकस्त दी।
मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 रामेश्वर दास महाराज ने खिलाड़ियों को खेल की भावना से खेलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर इस तरह के आयोजन से प्रतिभाओं को सामने आने का मौका मिलता है। क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रथम विजेता टीम को 41 हजार, द्वितीय को 21 हजार, तृतीय को 11 हजार व चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 51 सौ रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरीज विजेता खिलाड़ी को 31 सौ रुपये का पुरस्कार भी दिया जाएगा। गांव के सरपंच राजकुमार, पूर्व सरपंच इंद्रजीत यादव ने महामंडलेश्वर का स्वागत अभिनंदन कर स्मृति चिह्न भेंट किया।
मेला कमेटी सदस्यों ने बताया कि 3 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रम, 4 मार्च को कबड्डी, कुश्ती, मेला व भंडारा भी होगा। कबड्डी के नेशनल स्टाइल में प्रथम को 21 हजार व द्वितीय को 11 हजार व तृतीय को 51 सौ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में जयवीर भाटी, सुरेंद्र भाटी, नरेश नागर आदि कलाकार बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे।