नारनौल। शहर के कई वार्डों में जर्जर सड़कों के निर्माण कार्य का शनिवार को पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश यादव ने नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। इस मौके पर उनके साथ नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी व भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा एडवोकेट रहे।
शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्य का शिलान्यास करते हुए विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि शहर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। शहर के अंदर जहां भी सड़कों की हालत खराब थी, उन सबका नवनिर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शहर के बाजार की सड़काें का शिलान्यास दो महीने पहले ही कर दिया गया थाै।
आज जिन सड़कों का शिलान्यास किया गया है उनका निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद शहर की सूरत बदल जाएगी। विधायक ओमप्रकाश ने श्याम कॉलोनी में लगभग 2 लाख 60 हजार रुपये की लागत से तैयार होने वाली सड़क, बाबा केदारनाथ से तालाब तक करीब 2 लाख 44 हजार रुपये की लागत से सड़क निर्माण, शनि मंदिर से बहरोड रोड तक तकरीबन 24 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली सड़क, मोहल्ला मालटीबा का मुख्य सड़क मार्ग करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत तैयार किया जाएगा।