नांगल चौधरी। कृष्णावती नदी में नवनिर्मित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए बिछाई जा रही पाइप लाइन की लेबलिंग कार्य के लिए की जा रही खुदाई को खनन विभाग ने गैरकानूनी करार देते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
बता दें कि स्थानीय कृष्णावती नदी में नवनिर्मित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने का काम टेंडर प्रक्रिया के तहत ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है। लगभग सात करोड़ की लागत से बनने वाले इस ट्रीटमेंट प्लांट के लिए पाइप लाइन बिछाई जा रही है। पहले तो यहां बिछाई जा रही पाइप लाइन में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के आरोप लगे। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ अमित जैन ने मौका देखते हुए शिकायत को सही पाया और काम रोकने के आदेश जारी कर दिये। वहीं साथ ही खनन विभाग की टीम ने यहां नदी में ठेकेदार के कारिंदों द्वारा की जा रही बजरी रेती की खुदाई को गैरकानूनी करार देते हुए एक नोटिस जारी कर ठेकेदार से जवाब मांगा है। चूंकि ठेकेदार ने यह दावा किया है कि उन्हें इस खनन के लिए विभागीय मंजूरी लेना जरूरी नहीं है। खनन अधिकारी अनिल अटवाल ने बताया कि उन्होंने खुद मौका मुआयना किया और उक्त कार्य विभागीय नियमों के खिलाफ है। यदि फिर भी ठेकेदार के पास किसी प्रकार का लिखित आदेश है तो समय रहते विभागीय अधिकारियों को प्रेषित करे। ठेकेदार के जवाब के बाद खनन नियमों के मुताबिक कानूनी कार्यवाही कि जाएगी।