फोटो नंबर-32नारनौल की अनाज मंडी में उठान के लिए रखा बाजरा। संवाद
नारनौल। जिले की सभी छह मंडियों में बाजरे की खरीद मंगलवार को भी जारी रही। बाजरे की खरीद गत 1 अक्तूबर से की जा रही है और बाजरे की खरीद की अंतिम तिथि 15 नवंबर है।
अटेली मंडी का बाजरा रेवाड़ी के गोदामों में भेजा जाएगा, जिससे उठान प्रक्रिया में तेजी आएगी। बीते 29 दिनों में जिले में 1090569.8 क्विंटल बाजरे की आवक हो चुकी है। वहीं जिले में अब तक 1084798.5 क्विंटल बाजरे की खरीद और 1010706.9 क्विंटल बाजरे का उठान किया जा चुका है। जिले में बाजरे की फसल बेचने वाले किसानों में से अधिकतर किसानों के खातो में पैसे डल चुके हैं। जिले में किसानों को अब तक 240.20 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
नारनौल, नांगल चौधरी में हैफेड द्वारा और अटेली में बाजरे की खरीद वेयर हाउस द्वारा की जा रही है। अटेली में सबसे ज्यादा बाजरे की आवक हुई है। अटेली में 307244.8 क्विंटल आवक हुई है, वहीं 306709.8 क्विंटल बाजरे की खरीद की जा चुकी है। नारनौल में अब तक 158331.7 क्विंटल आवक और 157300 क्विंटल बाजरे की खरीद की जा चुकी है। वहीं नांगल चौधरी में अब तक 101565.9 क्विंटल आवक और 95400 क्विंटल बाजरे की खरीद की जा चुकी है। अटेली में 275000 क्विंटल, नारनौल में 143580 क्विंटल और नांगल चौधरी में 88800 क्विंटल बाजरे का उठान अब तक किया जा चुका है।
अटेली में बाजरे की खरीद और उठान प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। अटेली में अब तक 306709.8 क्विंटल खरीद और करीब 275000 क्विंटल बाजरे का उठान किया जा चुका है। रेवाड़ी में स्थित वेयर हाउस के गोदाम से सरसों का स्टॉक खाली किया जा रहा है। बाजरे को स्टॉक किया जा रहा है। अब अटेली मंडी से उठान किया गया बाजरा रेवाड़ी के गोदामों में स्टॉक किया जाएगा। इससे उठान प्रक्रिया में भी तेजी आएगी।
नवल कुमार, प्रबंधक, वेयर हाउस, मंडी अटेली।