नारनौल। दिवाली को लेकर दिनभर बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है। दुकानदारों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानों में रंग-बिरंगी लाइटें लगाई हैं। प्रमुख बाजारों में त्योहारी सेल लगी है। जूतों और गर्म कपड़ों पर भारी छूट मिल रही है जबकि क्रॉकरी पर एक के साथ एक फ्री जैसे ऑफर ग्राहकों को खींच रहे हैं।
महावीर मार्ग, पुल बाजार, पार्क गली, मानक चौक, आजाद चौक और होंडा चौक में खास तौर पर भीड़ है जिसमें महिला ग्राहक ज्यादा हैं। शहरी व्यापार मंडल के प्रधान विनोद सोनी ने बताया कि नवरात्र, करवा चौथ, दिवाली और देवउठनी पर सबसे ज्यादा खरीदारी होती है जो जिले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
हरियाणा व्यापार मंडल के प्रधान संदीप नूनीवाल ने बताया कि इस बार दिवाली पर कपड़ा, जूते सहित सभी सामानों का कारोबार करीब 250 से 300 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
दिवाली पर अस्थाई दुकानदारों को उम्मीद
संदीप नूनीवाल ने बताया कि कई लोग जो अन्य क्षेत्रों या कंपनियों में काम करते हैं, दिवाली पर 10 से 15 दिन के लिए अस्थाई दुकानें लगाते हैं, ताकि कुछ अतिरिक्त आय हो सके। वे मोमबत्ती, मूर्तियां, पेंटिंग-कैलेंडर-पोस्टर, रंग-बिरंगी लाइटों की लड़ियां और रंगोली के स्टॉल लगाते हैं।
.......................
परिवार के सभी सदस्यों के लिए जूते और गर्म कपड़े खरीदने हैं। दिवाली पर विकल्प ज्यादा होते हैं और सामान भी किफायती मिलता है। गांव से सुबह आए थे और करीब 4 से 5 घंटे खरीदारी की। कुछ सामान रह गया जिसके लिए धनतेरस पर दोबारा आएंगे।
-ज्योति, गांव हुड़िना
........
इस बार दिवाली और देवउठनी एकादशी पर सिलवाकर कपड़े पहनने का दौर फिर लौट आया है। दिवाली के लिए लोग कुर्ता-पायजामा और शादी-विवाह के लिए कोट-पैंट सिलवा रहे हैं। इससे इस बार सिलाई का काम बेहतर रहने की उम्मीद है।
-कमल कोकचा, टेलर