फोटो 10 भाई को तिलक लगाती बहन। संवाद
मंडी अटेली। क्षेत्र में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के प्यार और विश्वास के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही घरों में त्योहार की तैयारियां शुरू हो गईं। बहनों ने पूजा की थाली सजाकर भाइयों की आरती उतारी, तिलक लगाया और उनकी कलाई पर रंग-बिरंगी राखियां बांधी। भाइयों ने भी बहनों को उपहार और नकदी भेंट कर उनकी रक्षा का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन को लेकर अटेली के मुख्य बाजार, पुरानी अनाज मंडी और बस स्टैंड रोड पर पिछले दो दिनों से खूब रौनक रही। राखी की दुकानों पर 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध रहीं। रेशम, जरदोजी, रुद्राक्ष, लुंबा और बच्चों की कार्टून वाली राखियों ने लोगों को खूब आकर्षित किया।
मिठाई की दुकानों पर भी सुबह से ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दुकानदारों के अनुसार त्योहार के चलते दूध से बनी मिठाइयों के दाम 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़े। काजू कतली 700-800, मिल्क केक 400-500 और गुलाब जामुन करीब 300 रुपये किलो तक बिके। इसके बावजूद लोगों ने जमकर मिठाइयां खरीदीं।