नारनौल। जिला के व्यापारियों ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए शनिवार को सेल्फ वीकेंड लॉकडाउन लागू करने का निर्णय लिया है। हरियाणा व्यापार मंडल के बैनर तले शनिवार को मंडल कार्यालय में आपात बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता मंडल के जिला प्रधान बजरंगलाल अग्रवाल ने की।
बैठक में जिले की अधिकांश ट्रेड यूनियन के प्रधान एवं प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में विचार विमर्श कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेश के 9 जिले में जिस तरह वीकेंड लॉकडाउन लगा है। उसी तर्ज पर जिले में भी सेल्फ वीकेंड लॉकडाउन लगाएंगे। इसकी शुरूआत के तहत 7 मई शाम से 10 मई सुबह तक सेल्फ वीकेंड लॉकडाउन रहेगा। उपायुक्त अजय कुमार ने व्यापार मंडल के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस महामारी से निपटने के लिए ऐसे ही निर्णयों की आवश्यकता है।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला प्रवक्ता बद्री प्रसाद गर्ग ने बताया कि बैठक में आए सभी ट्रेड के प्रधानों ने अपनी-अपनी बात रखी। सभी प्रधान इस बात को लेकर सहमत थे। सभी व्यापारी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए दुकानें बंद रखने के लिए सहमति प्रदान की हैं।
वहीं उपायुक्त अजय कुमार का कहना है कहा कि व्यापार मंडल का निर्णय सराहनीय है। महामारी लगातार बढ़ रही है। जितनी बाजार में भीड़ कम होगी उतनी ही महामारी फैलने से रुकेगी। इस प्रकार के सामाजिक निर्णयों से ही कोरोना को हराया जा सकता है।
व्यापारी वर्ग इस संकट में देशहित में प्रशासन के साथ है खड़ा : बजरंगलाल
हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान बजरंगलाल अग्रवाल ने कहा कि पिछले लॉकडाउन के चलते हरियाणा व्यापार मंडल एवं ट्रेड यूनियन के प्रधानों ने प्रवासी मजदूरों के लिए भोजन की व्यवस्था की एवं उनकी हरसंभव मदद की थी। आज देश एवं प्रदेश संकट के दौर से गुजर रहा है। इसमें हम सभी का फर्ज बन जाता है की आगे आकर अपना दायित्व निभाए और जिला प्रशासन को पूरा सहयोग करें। सभी ट्रेड यूनियन के प्रधानों ने जिला प्रधान बजरंग लाल अग्रवाल की इस पहल के लिए धन्यवाद किया। बजरंगलाल अग्रवाल ने कहा कि इस संबंध में जिला उपायुक्त अजय कुमार से फोन पर बात हुई। उन्होंने व्यापारी वर्ग के इस निर्णय में सहयोग करने का आश्वासन दिया। जिला उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि उनकी बात को मुख्यमंत्री तक पहुंचा दी जाएगी और जल्द ही सकारात्मक जवाब मिलेगा। इस फैसले पर प्रधान धर्मवीर यादव, प्रधान अनिल जैन, शंकर लाल वधवा, सुदर्शन बंसल, सीताराम सर्राफ, राजेश अग्रवाल, रतनलाल गर्ग, मोतीलाल चौधरी, ओमप्रकाश लिसानिया, रमेश, विजय मित्तल, संजय गर्ग, सरदार सुरजीत सिंह अरोड़ा, नरेश गोगिया, किशन लाल जैन, मुकेश शर्मा, अजीत जैन, तेज प्रकाश यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन के पति संजय सैनी, बिजली व्यापार मंडल के प्रधान सतपाल यादव, रोहतास अग्रवाल, संजीव यादव, अशोक कुमार, दीपक किंगर, बालकिशन सैनी, मदनलाल सोनी व पंकज अग्रवाल सहित अनेक व्यापारी साथ रहे।
कोरोना संक्रमण के चलते आज महेंद्रगढ़ के बाजार रहेंगे बंद
महेंद्रगढ़। बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर महेंद्रगढ़ के सभी बाजार रविवार को बंद रहेंगे। व्यापारियों ने यह फैसला स्वयं लिया है। इसके अलावा सब्जी मंडी भी बंद रहेगी। रविवार को बाजार में लॉकाडाउन की स्थिति रहेगी।
व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र बंटी ने बताया कि क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। प्रतिदिन 500 से अधिक कोरोना संक्रमित केस आ रहे हैं और तीन-चार मौत भी हो रही हैं। इसकी को ध्यान में हुए शनिवार को सभी संगठनों के प्रधान से फोन पर बातचीत कर बाजार बंद रखने का फैसला है। सरकार की तरफ से बंद करने का कोई आदेश नहीं आया है। यह सभी व्यापारियों का सामूहिक फैसला है। फिलहाल तो केवल इसी रविवार को बंद रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे मास्क लगाकर एवं हाथों में गलव्ज पहनकर ही सामान बेचेें तथा शारीरिक दूरी का पालना भी करें। इसके अलावा सब्जी मंडी भी रविवार को बंद रहेगी। मंडी के प्रधान सूरत सैनी ने बताया कि मासाखोर, रेहड़ी चालक तथा आढ़ती कोई सब्जी नहीं बेचेगा।