संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। जिले में होमगार्ड भर्ती और वाहन ऑक्शन के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को पुलिस विभाग का कर्मचारी बताकर होमगार्ड पद पर भर्ती कराने के नाम पर कई युवाओं से लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के अनुसार क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला दलबीर सिंह लोगों के बीच खुद को एसपी ऑफिस नारनौल में तैनात पुलिसकर्मी बताता था। वह बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा गाड़ी में पुलिस वर्दी टांगकर घूमता था, जिससे आम लोग आसानी से उसकी बातों में आ जाते थे।
आरोपी ने होमगार्ड में नौकरी लगवाने और ऑक्शन में गाड़ी दिलवाने का लालच देकर कई लोगों से पैसे ऐंठ लिए। आरोपी दलबीर सिंह ने कंवर सिंह से 1,08,200 रुपये, गजेंद्र सिंह से 27,200 रुपये, धर्मेन्द्र से 37,400 अनिल कुमार से 35,400, लक्ष्मीनारायण से 35,500 भर्ती लगवाने के नाम पर ले लिए।
सभी पीड़ितों ने आरोपी को नकद और ऑनलाइन के माध्यम से भुगतान किया। बाद में आरोपी के मोबाइल नंबर बंद मिलने लगे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अब तक करीब 2,43,700 रुपये की ठगी की है।
आर्थिक अपराध शाखा के इंचार्ज उप निरीक्षक युद्धवीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी ने अलग-अलग लोगों से कुल 2.43 लाख की ठगी की है।