क्षेत्र का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट आईएमटी जल्द ही 1200 एकड़ जमीन पर खुडाना में विकसित होगी। बजट पर बहस में मुख्यमंत्री मनोहर लाल महेंद्रगढ़ जिले में औद्योगिक विकास की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खुडाणा औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के लिए सरकार द्वारा लगभग 1200 एकड़ जमीन पर यह आईएमटी विकसित की जाएगी जिसमें 175 एकड़ जमीन निजी भू स्वामियों से ली जाएगी और 1031 एकड़ जमीन पंचायत उपलब्ध करवा रही है। इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ जिले में लॉजिस्टिक हब एक हजार एकड़ से अधिक जमीन पर विकसित किया जा रहा है। पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि 15 मार्च को वो मुख्यमंत्री मनोहर लाल से चंडीगढ़ मिले थे। उस दौरान उनकी मुख्यमंत्री से आईएमटी तथा अन्य विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई थी।
बता दें कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तत्कालीन शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा की मांग पर 24 फरवरी 2019 को गांव खुडाना में आईएमटी की आधारशिला रखी थी। तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी आईएमटी पर काम शुरू नहीं होने पर लोगों के मन में संशय पैदा हो गया था कि आईएमटी खुडाना विकसित नहीं की जाएगी जबकि पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा अपने इस प्रोजेक्ट को लेकर कई बार मुख्यमंत्री से मिल चुके थे। अभी 15 मार्च को पूर्व मंत्री प्रो. शर्मा मुख्यमंत्री से मिले थे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष आईएमटी की मांग बहुत ही गंभीरता से रखी। उनकी मांग को पूरा करते हुए बजट में पहली बार मुख्यमंत्री ने आईएमटी खुडाना के बारे में बोला है। अब उम्मीद की जा रही कि जल्द ही पंचायत की जमीन ट्रांसफर कर इस पर काम शुरू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल का क्षेत्र से बहुत अधिक लगाव
इस मौके पर पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि भले ही वो इस बार विधायक नहीं बन पाए हों लेकिन वो अपने क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का क्षेत्र से बहुत अधिक लगाव है और वो धीरे-धीरे एक-एक विकास कार्य को सिरे चढ़ा रहे हैं। आईएमटी विकसित होने पर महेंद्रगढ़ विकास की ओर अग्रसर होगा तथा विदेशी कंपनियां यहां स्थापित होंगी। क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलेगा।
विधायक ने बहस के दौरान रखे थे सुझाव
डॉ. अभय सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष बजट बहस में हिस्सा लेते हुए यह सुझाव रखा था कि महेंद्रगढ़ जिले में बनाए जा रहे नेशनल हाईवे के बड़े नेटवर्क, वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेंट कॉरिडोर पर बनने वाला लॉजिस्टिक हब, नहर का पानी, जिले में पढ़े लिखे नौजवानों की उपलब्धता एवं सापेक्षिक रूप से सस्ती जमीन ने अब महेंद्रगढ़ जिले को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उद्योग की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बना दिया है। अत: लॉजिस्टिक हब के विकास के साथ ही महेंद्रगढ़ जिले में एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। डॉ. यादव ने क्षेत्र के लोगों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि मनोहर लाल के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सरकार महेंद्रगढ़ जिले को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कृतसंकल्प है।