महेंद्रगढ़। शहर में फ्लाईओवर से अनाज मंडी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सीवरेज का पानी जमा होने से लोगों को परेशान हो रहे हैं। सड़क पर कई दिनों तक गंदा पानी जमा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इससे 20 से अधिक गांवों के ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क किनारे दुकानदार भी गंदे पानी और दुर्गंध से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। यह मार्ग रेलवे स्टेशन की ओर जाने के लिए महत्वपूर्ण है और आसपास के 20 से अधिक गांवों के ग्रामीण रोज इसी रास्ते से आवागमन करते हैं।
लोगों ने बताया कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या बार-बार सामने आती है। दुकानदारों ने उपायुक्त कार्यालय और सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज कराई है। लोगों ने प्रशासन से सीवरेज लाइन की सफाई करवाने और पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।