महेंद्रगढ़। जिला प्रशासन ने रसोई गैस की कालाबाजारी और घरेलू सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए एक माह में प्रदेश में सबसे अधिक कार्रवाई की है। एक माह के दौरान महेंद्रगढ़ हरियाणा में कार्रवाई के मामले में शीर्ष पर रहा। इस दौरान 41 स्थानों से 179 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए।
उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि खाद्य एवं पूर्ति विभाग की छह विशेष टीमों ने नारनौल, महेंद्रगढ़, सतनाली, कनीना, अटेली और नांगल चौधरी के शहरी क्षेत्रों में ढाबों और दुकानों पर सघन छापेमारी की। 41 स्थानों से 179 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए।
उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि पात्र उपभोक्ताओं के हक पर डाका डालने वालों पर नकेल कसी जा सके। वर्तमान में जिले की 21 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन 4,000 से 5,000 सिलिंडरों की डिलीवरी सुचारू रूप से हो रही है और प्रशासन के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।