महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) में डिस्टेंस लर्निंग के तहत दाखिला के लिए आवेदन मांगे गए हैं। दाखिला के इच्छुक युवा अब 10 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। इसमें एमए जर्नलिज्म, एमए हिंदी और एमकॉम पाठ्यक्रम शामिल हैं। अधिक जानकारी और पंजीकरण हकेंवि की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
हकेंवि में ओपन डिस्टेंस लर्निंग पहल के तहत अंतर्गत तीन डिस्टेंस पाठ्यक्रम एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, एमए हिंदी व एमकॉम में दाखिले के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विश्वविद्यालय में तीनों पाठ्यक्रम डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (डीईबी) विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुसार ओपन डिस्टेंस प्रोग्राम के अंतर्गत उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग के माध्यम से उच्च शिक्षा की पहुंच को व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे विभिन्न पृष्ठभूमि के विद्यार्थी बिना भौगोलिक बाधाओं के अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं।
हकेंवि में सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन के निदेशक प्रो. सिंगारा सिंह ने बताया कि सभी उपलब्ध पाठ्यक्रमों के लिए सेल्फ लर्निंग मेटिरियल विश्वविद्यालय के शिक्षकों व अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के शिक्षकों की ओर से तैयार किया गया है। ये पाठ्यक्रम विकल्प आधारित क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस), उद्योग उन्मुख विशेषता व नियमित उपाधि के समतुल्य हैं।
इन विद्यार्थियों को मिलेगी शुल्क में छूट
संस्थान में डिस्टेंस लर्निंग के तहत दाखिला लेने पर अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को शिक्षा शुल्क में छूट प्रदान की जाएगी। सामान्य वर्ग की तुलना में अनुसूचित वर्ग के विद्यार्थियों को विशेष छूट प्रदान की जाती है ताकि उनकी उच्च शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए।
वर्जन:
दाखिले से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी संस्थान की बेवसाइट पर अपलोड की गई हैं। किसी प्रकार की त्रुटि या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9813303416, 01285-260110 पर संपर्क कर सकते हैं।
-डॉ. नीरज करणसिंह, पीआरओ, हकेंवि