पुलिस कार्रवाई के दौरान मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
महेंद्रगढ़ के गांव दौंगड़ा जाट में गुरुवार सुबह पुलिस ने सात दिन पहले जन्मी बच्ची का शव कब्र से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। दरअसल ग्रामीणों ने एक सप्ताह पूर्व जन्मी कन्या की हत्या का आरोप उसके माता पिता पर लगाते हुए जांच की मांग की थी। एसडीएम को शिकायत देकर ग्रामीणों ने यह आरोप लगाया था।
ग्रामीणों द्वारा दी गई शिकायत के बाद संज्ञान लेते हुए गुरुवार सुबह शव को निकाला गया। ग्रामीणों का आरोप है कि नवजात कन्या का पिता एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और पति-पत्नी ने एक सप्ताह पूर्व जन्मी कन्या की हत्या कर रात को ही शमशान घाट में दबा दिया। नवजात के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही हत्या के कारण का पता चल पाएगा।
शिकायत मिलने के बाद प्रशासन की तरफ से एसडीएम दिनेश कुमार, ड्यूटी मजिस्ट्रेट जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार, महेंद्रगढ़ सामान्य अस्पताल के चिकित्सकों और महेंद्रगढ़ सदर एवं शहर थाने की टीमें मौके पर भेजी गई थी। नवजात के शव को निकालकर एंबुलेंस द्वारा सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। अब चिकित्सकों के बोर्ड की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा जिसके बाद मामले का खुलासा हो पाएगा।