नारनौल। पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से सरकार पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को 3 लाख रुपये तक का ऋण 5 फीसदी की रियायती ब्याज दर पर दिया जाता है। महेंद्रगढ़ में इस योजना के तहत अब तक 219 लाभार्थियों को 2 करोड़ 13 लाख 63 हजार रुपये का ऋण दिया जा चुका है। शेष लाभार्थियों के आवेदन भी जल्द से जल्द निपटाए जाएं।
यह निर्देश नगराधीश मंजीत कुमार ने बुधवार को हरियाणा के उद्योग विभाग के प्रधान सचिव डी सुरेश के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद अधिकारियों को दिए। सीटीएम ने बताया कि इस योजना के तहत 18 विभिन्न व्यवसायों के कारीगरों को लाभ मिलता है। इसमें पीएम विश्वकर्मा प्रमाणपत्र और आईडी कार्ड प्रदान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि 5-7 दिनों का बेसिक प्रशिक्षण और 15 दिनों का एडवांस्ड प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन 500 रुपये का मानदेय भी मिलता है। वहीं 15 हजार रुपये तक की टूलकिट खरीदने के लिए ई-वाउचर भी प्रदान किया जाता है। इस बैठक में डीडीपीओ हरिप्रकाश बंसल, लीड बैंक मैनेजर उमेद सिंह दहिया तथा उद्योग विस्तार अधिकारी अजय यादव के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।