नारनौल। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के दौरान शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर हरियाणा ने 48 घंटे शराब ठेके बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने सभी थाना प्रबंधकों को महेंद्रगढ़ में इन आदेशों की पालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। पांच अक्तूबर को चुनाव से दो दिन पहले तीन अक्तूबर को शाम 6 बजे से लेकर पांच अक्तूबर को मतदान समाप्ति तक सभी ठेके बंद रहेंगे।
मतदान समाप्ति तक रहेगा ड्राई-डे
तीन अक्तूबर शाम 6 बजे से पांच अक्तूबर मतदान समाप्ति तक जिले में ड्राई-डे रहेगा और शराब की बिक्री भी बंद हो जाएगी। इन 48 घंटों में जिला में किसी भी स्थान पर जैसे होटल, दुकान आदि पर शराब या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री नहीं की जा सकती है।
इसके बाद आठ अक्तूबर को मतगणना के दिन भी शराब के ठेके दिन भर बंद रहेंगे। इस दिन भी ड्राई डे घोषित किया गया है। इसके संबंध में पुलिस कप्तान ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों और थाना प्रबंधकों को निर्देश जारी किए हैं कि संबंधित क्षेत्र में गश्त करेंगे और एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर हरियाणा के आदेशों की पालना करवाएंगे। इसके साथ ही एसपी ने सभी नाका इंचार्जों को शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए वाहनों की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए हैं।