फोटो नंबर- 25चुनाव को लेकर तैनात पुलिस कर्मी। स्त्रोत-पुलिस
नारनौल। विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व स्वतंत्र ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस द्वारा प्रभावी कार्ययोजना तैयार की गई है, ताकि मतदाता निर्भीक होकर शांतिपूर्ण माहौल में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने बताया कि विधानसभा चुनाव के मध्य नजर जिला में 2395 पुलिस कर्मियों (जिनमें होमगार्ड के जवान व स्पेशल पुलिस ऑफिसर सम्मिलित) की ड्यूटी लगाई गई हैं। जिले में कुल 491 लोकेशन पर स्थित 772 बूथ पर मतदाता अपने मतदान का प्रयोग करेंगे। साथ ही सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स की 9 कंपनियां और 1 प्लाटून भी क्रिटिकल बूथ, पेट्रोलिंग ड्यूटी, स्ट्रांग रूम्स, इंटर स्टेट नाकों इत्यादि पर तैनात की गई है। इसी तरह जिला में कुल 49 पेट्रोलिंग पार्टी ड्यूटी पर तैनात रहेंगी। पेट्रोलिंग पार्टियों के वाहनों पर वायरलेस सेट भी लगाए गए हैं। ये पेट्रोलिंग पार्टी किसी भी बूथ पर किसी भी अव्यवस्था होने की सूचना प्राप्त होने की आशंका के मध्यनजर कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर बूथ पर तैनात जवानों की सहायता करेगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के डीएसपी रैंक के नोडल पुलिस अधिकारी लगाए गए हैं, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि चुनाव प्रक्रिया उचित व पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के साथ संपन्न हो। उनके साथ द्वितीय इंचार्ज के तौर पर इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी लगाए गए हैं। साथ ही जिले की ईआरवी (डायल-112 वाहन), दुर्गा शक्ति व क्विक रिस्पांस टीम तैनात रहेगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चुनाव में लगे जवानों के खाने पीने और ठहरने का समुचित प्रबंध किया गया है, ताकि वह अपनी ड्यूटी का निर्वहन सही तरीके से कर सकें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 5 अक्तूबर को मतदाता अपने मत का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई अवैध तौर से मतदाता को तंग कर रहा है या धनबल-बाहुबल का प्रयोग कर रहा है या मतदाताओं को गैर कानूनी ढंग से प्रभावित करने की कोशिश करे तो डायल 112 या संबंधित थाना एसएचओ को तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।