लोगों को संबोधित करते शत्रुजीत कपूर
हरियाणा बिजली वितरण निगम के चेयरमैन शत्रुजीत कपूर का कहना है कि जिन गांवों में 20 फीसदी से कम लाइन लॉस है, वहां भी निगम सर्वे करवाकर 24 घंटे बिजली मुहैया करवाएगी। इस तरह गांव भले ही ‘म्हारा गांव-जगमग गांव’ योजना में शामिल न हों, अगर इनका लगातार 20 फीसदी से कम लाइन लॉस रहेगा तो वहां भी यह सुविधा दी जाएगी। कपूर रविवार को बिजली सेवाओं पर आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
हरियाणा बिजली वितरण निगम के चेयरमैन ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि लोगों को बिल भरने के लिए प्रेरित करें। चोरी रुकेगी तो बिजली भी सस्ती होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नवंबर में सरचार्ज ब्याज माफी और स्वैच्छिक घोषणा का जिले के चार हजार लोगों ने लाभ उठाया है। इस दौरान लोगों ने 15 करोड़ रुपये के बिजली बिल भरे। इससे पहले जिले में 20 हजार ऐसे उपभोक्ता थे जिनका बिजली का बिल 40 करोड़ रुपये बकाया थे। यह स्कीम 31 जनवरी तक है। उम्मीद है कि शेष 15 हजार उपभोक्ता भी इस योजना का लाभ उठाएंगे।
कपूर ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पुराने और काले मीटर हैं, उन्हें भी 31 जनवरी तक बदलवाया जा सकता है। चेयरमैन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच और अन्य प्रतिनिधि एलईडी बल्ब के कैंप लगवाएं। इनके आर्डर जा चुके हैं जल्द ही जिले में उपलब्ध करवा दी जाएगी। सरकार की प्राथमिकता उन गांवों में एलईडी बल्ब मुहैया करवाने की है जहां 20 फीसदी से कम लॉस है।
बिजली कर्मी हुए सम्मानित
इस मौके पर बिजली निगम के लाइनमैन राजकुमार, राजेश, उमेश, सुरेंद्र, लखन, सुनील कुमार और एलडीसी ताराचंद को सम्मानित किया गया। कपूर ने इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधियों की सामूहिक शिकायतें भी सुनीं। पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने कहा कि जनप्रतिनिधि बीड़ा उठाएं। एक सभ्य समाज में पुलिस का कम से कम उपयोग होना चाहिए। मुख्य अभियंता संजीव चोपड़ा ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। अधीक्षक अभियंता आरएस यादव ने मेहमानों को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। सतबीर सिंह ने आगंतुकों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर जिला प्रमुख राजेश देवी, नगर परिषद प्रधान भारती सैनी, एक्सईएन महेंद्रगढ़ रणबीर सिंह, एक्सईएन नारनौल कुलदीप अत्री व विभिन्न पंचायत समिति के प्रधान तथा पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।