नारनौल। आयुर्वेद के प्राचीन ग्रंथों और ज्ञान परंपरा को समझने के लिए विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बाबा खेतानाथ राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल, पटीकरा में संस्कृत भारती के सहयोग से बीएएमएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए दस दिवसीय संस्कृत संभाषण शिविर शुरू हुआ।
शिविर 26 नवंबर तक चलेगा। पहले दिन संस्कृत भारती के प्रचारक संजय, नीरज कुमार और दलजीत शास्त्री ने विद्यार्थियों को संस्कृत पठन-पाठन के साथ दैनिक बोलचाल के वाक्यों का अभ्यास करवाया।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. श्रीनिवास गुज्जरवार ने कहा कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा की समृद्ध विरासत और आयुर्वेद में इसके विशेष योगदान से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आयुर्वेद के मूल ग्रंथों को समझने में मदद करेंगे और संस्कृत के प्रति रुचि व सम्मान बढ़ाएंगे।