नारनौल। लोहा मंडी के समस्त दुकानदारों की ओर से वीरवार को मंडी स्थित हनुमान जी मंदिर में शिव परिवार एवं भैरू बाबा की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसे लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ अग्रवाल सभा भवन से हुआ। श्रद्धालु भक्ति गीतों और धार्मिक जयकारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा काठ मंडी व अनाज मंडी सहित शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए लोहा मंडी स्थित हनुमान जी मंदिर पहुंची।
पूरे मार्ग में वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ शिव परिवार एवं भैरू बाबा की मूर्तियों की स्थापना की गई। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया।