फोटो 07 स्वर्ण पदक विजेता कोमल को पुरस्कृत करते आयोजक। स्रोत: स्कूल
नारनौल। भिवानी के भीम स्टेडियम में आयोजित 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांवी की छात्रा कोमल ने शानदार प्रदर्शन किया। आयु वर्ग-19 की 4 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में कोमल ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
प्रवक्ता डॉ. जितेंद्र भारद्वाज ने बताया कि कोमल ने दौड़ 13.47 मिनट में पूरी की और राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई किया। उसकी इस उपलब्धि पर स्कूल के डीपीई और कोच अखिलेश तंवर ने खुशी जताते हुए उसे बधाई दी।
कोच अखिलेश तंवर ने कहा कि कोमल की मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है कि उसने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। इससे स्कूल, गांव और जिले का गौरव बढ़ा है।
प्राचार्य सुरेश कुमार ने कहा कि कोमल की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि गांव लौटने पर स्कूल और ग्रामीणों की ओर से कोमल का भव्य स्वागत और सम्मान किया जाएगा।