मंडी अटेली। गांव गुजरवास से पुराने आभूषणों को नए बनवाने के लिए रोडवेज बस से नारनौल आ रहे पिता-पुत्री के बैग से अज्ञात द्वारा आभूषण चुरा लिए गए। इस संबंध में पीड़ित ने अटेली थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव गुजरवास निवासी महिपाल सिंह ने बताया कि वह गांव में किराने की दुकान चलाता है। गत रविवार को वह अपनी बेटी सोनिया के साथ दोपहर करीब 2 बजे रोडवेज बस से नारनौल के लिए पुराने जेवरातों से नये जेवरात बनवाने के लिए आ रहे थे। उनके बेटे सचिन की 14 फरवरी को शादी होनी तय है। जब वे अटेली मंडी के पुराना बस अड्डा से बस में बैठकर नये बस स्टैंड अटेली से थोड़ा आगे पेट्रोल पंप अटेली के पास पहुंचे तो उनकी बेटी ने देखा कि बैग की आधी चेन खुली है। जिस बैग में प्लास्टिक की थैली में छोटे पर्स में पुराने जेवरात रखे हुए थे, वह गायब मिले। पर्स में एक जोड़ी झुमकी, एक टीका नग वाला, एक पैंडिल नग वाला, एक नथ, एक नाक की बाली सोने की तथा दो जोड़ी पाजेब चांदी की थी। इस पर उन्होंने बस की अन्य सवारियों से पूछताछ की, लेकिन जेवरात नहीं मिले।