हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद् द्वारा बाल भवन नारनौल में आयोजित की जा रही 10 दिवसीय जिला स्तरीय बाल महोत्सव प्रतियोगिताओं में सोमवार को बेस्ट ड्रामेबाज, सोलो सोंग व सोलो डांस किया गया। इसमें जिले भर के सभी सरकारी व गैर सरकारी 45 स्कूलों से लगभग 350 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बाल कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह ने किया।
प्रतियोगिता में बेस्ट ड्रामेबाज ग्रुप प्रथम व द्वितीय में स्कूली बच्चों ने भ्रष्टाचार, कन्या भ्रूण हत्या, टीवी कार्टून, चौकीदार, कोविड-19 के दौरान हेल्थ वॉरियर्स के सराहनीय कार्य, नशे के दुष्प्रभाव, श्रमिक मजदूरों की पीड़ा, स्वच्छ भारत अभियान, कोविड-19 के दौरान पुलिस वॉरियर्स के सराहनीय कार्य, झांसी की रानी, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आदि से प्रेरित संदेश देते हुए नाटक/ड्रामे को अपने सुंदर अभिनय द्वारा दर्शाया।
इसी प्रकार सोलो सोंग ग्रुप-2 प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने हरियाणवी, राजस्थानी, पंजाबी फोक सांग, क्लासिकल सांग, देशभक्ति गीतों से समा बांध दिया। इसी कड़ी में सोलो डांस ग्रुप-4 प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने भारत के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति के फोक डांस तथा जनरल/राष्ट्रीय डांस प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका वंदना शर्मा, डॉ. कुसुमलत्ता व रतन लाल ने निभाई। मंच का संचालन सुरेंद्र शर्मा लिपिक ने किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
ड्रामेबाज (प्रथम ग्रुप) प्रतियोगिता में आरपीएस स्कूल महेंद्रगढ़ की इशिका ने प्रथम, यदुवंशी शिक्षा निकेतन महेंद्रगढ़ के रूद्राक्ष ने द्वितीय, यदुवंशी शिक्षा निकेतन नारनौल की हिमांशी ने तृतीय व जीआर इंटरनेशनल स्कूल कनीना के जय सोनी ने सांत्वना व बेस्ट ड्रामेबाज द्वितीय ग्रुप प्रतियोगिता में यदुवंशी शिक्षा निकेतन महेंद्रगढ़ की प्रिया ने प्रथम, आरपीएस स्कूल नारनौल के ललित ने द्धितीय, आरोही मॉडल मंढाना के नितेश ने तृतीय व एसडी स्कूल ककराला की कंचन ने सांत्वना स्थान प्राप्त किया। इसी कड़ी में सोलो डांस चतुर्थ ग्रुप प्रतियोगिता में जीआर इंटरनेशनल स्कूल कनीना के सौरभ ने प्रथम, यदुवंशी शिक्षा निकेतन महेंद्रगढ़ की विनीता शर्मा ने द्धितीय, यदुवंशी शिक्षा निकेतन नारनौल की हनी यादव ने तृतीय, देवयानी इंटरनेशनल स्कूल बेवल की सपना व आरआरसीएम स्कूल कनीना की मुस्कान ने सांत्वना स्थान प्राप्त किया तथा सोलो सोंग चतुर्थ ग्रुप प्रतियोगिता में आरपीएस स्कूल महेंद्रगढ़ की मुस्कान ने प्रथम, एसवीएन स्कूल नीरपुर की मनसिमर सिंह ने द्धितीय, भारती पब्लिक स्कूल नारनौल की खुशी ने तृतीय व हैप्पी ऐवरग्रीन स्कूल महेंद्रगढ़ की चहल ने व आरपीएस स्कूल नारनौल की खुशी ने सांत्वना स्थान प्राप्त किया।