मंडी अटेली। कोरियावास मेडिकल कॉलेज में 21 और 22 जनवरी को सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर्स के 68 पदों के लिए साक्षात्कार चल रहे हैं। वहीं बिजली की समस्या से निजात के लिए फाइल एनओसी के लिए फॉरेस्ट डिपार्टमेंट दिल्ली भेज रखी है।
बात हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को अटेली हलके के गांवों में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है।
चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। हरियाणा अब हेल्थ हब बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है। इस दौरान उन्होंने लगभग 3 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने गांव सराय, सुरानी और गुजरवास को आठ-आठ लाख रुपये व छापड़ा सलीमपुर और खोड़ के विकास के लिए दस-दस लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आरती राव ने कहा कि अटेली की जनता ने उन पर और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जो विश्वास जताया है। वही उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।
मौके पर बीजेपी के जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव, मुख्य चिकित्सक अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. शशिबाला, एसएमओ डॉ. विजय, ब्लॉक समिति चेयरमैन जयप्रकाश, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार, सराय के सरपंच नरेंद्र, सुरानी की सरपंच पूजा देवी, गुजरवास की सरपंच वर्षा रानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।