भारत सरकार की ई-ग्राम स्वराज योजना के तहत सभी गांव में सीएससी द्वारा ग्रामीण स्तर पर इंटरनेट उपलब्ध कराने का कार्य जारी है। इस योजना के अंतर्गत सीएससी के द्वारा वाई-फाई चौपाल के माध्यम से इंटरनेट सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। फाइबर टू होम तकनीक द्वारा सीएससी ग्राम स्वराज योजना के अंतर्गत देश के कई ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सुविधा प्रारंभ की जा रही है। पूर्व में यह योजना सिर्फ पंचायत के लिए थी परंतु अब इसे हर घर के लिए शुरू किया जा रहा है।
इस परियोजना के बारे में बताते हुए सीएससी के सीईओ डॉक्टर दिनेश त्यागी कहते हैं कि हर घर तक फाइबर योजना एक क्रांतिकारी कदम है और ग्रामीण सशक्तीकरण में अहम भूमिका अदा करेगा। पहले फाइबर को ग्राम पंचायत तक दिया जाना था, परंतु अब केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की पहल पर अब इसे गांव के प्रत्येक घर तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया है।
डॉक्टर त्यागी ने कहा कि यह पहल गांव की दशा और दिशा को बदलेगा। इस परियोजना से इंटरनेट की उपलब्धता से घर पर ही लोगों को विभिन्न प्रकार की सुविधा प्राप्त होगी। कई तरह के ऑनलाइन काम लोग अपने घर से ही कर सकेंगे। ग्राम पंचायतों में आने वाले सभी सरकारी भवनों को एक साल तक फ्री इंटरनेट सेवा दी जाएगी।