महेंद्रगढ़। आगामी 26 जनवरी तक चलने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा मंगलवार को महेंद्रगढ़ खंड के गांव छाजियावास व जाटवास पहुंची। गांव छाजियावास व जाटवास में युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पवन खैरवाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर उपस्थित लोगों को विकसित भारत की शपथ दिलाई।
पवन खैरवाल ने कहा कि बीजेपी सरकार शासन में पारदर्शिता व जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को निरंतर धरातल पर उतार रही है। जाटवास में मुख्यातिथि ने गांव के शहीद अनूप सिंह के परिजनों को सम्मानित किया। सुपरवाइजर सुनीता बाई की अध्यक्षता में छाजियावास की रितु व जाटवास की मोनिका, अर्चना की गोद भराई की रस्म की। कृषि विभाग की ओर से किसानों को ड्रोन का प्रशिक्षण करके दिखाया गया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार ने गांव में हर घर जल पहुंचाने पर गांव छाजियावास के सरपंच कुम किरपा बाई व जाटवास के सरपंच राजकुमार को अभिनंदन पत्र दिया। इस कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी अनिल कुमार, नागरिक संसाधन सूचना विभाग से मैनेजर रवि तंवर, खाद एवं आपूर्ति विभाग से प्रवीन यादव, डीईओ नितिन कुमार, ग्राम सचिव विकास कुमार, संजय कुमार, एचपीसीएल से जितेंद्र के अलावा अन्य अधिकारी एवं गांव के नागरिक मौजूद रहे।