नारनौल। ऑनलाइन जॉब के नाम पर लोगों के साथ फ्रॉड करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में साइबर ठगों ने शहर की एक महिला से ऑनलाइन वर्क के नाम पर लाखों रुपये ठग लिये। इस बारे में महिला ने साइबर थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शहर निवासी हिमांशी ने बताया कि गत 22 दिसंबर को उसने एक सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें वर्क फार्म होम नाम से एक लिंक था। एक लावयना के नाम से आईडी खुली। उसके द्वारा उसकी डिटेल ली और उसे एक ग्रुप में जोड़ दिया गया। जिसमें वीडियो की लिंक आती है उसका स्क्रीनशॉट भेजने पर कमीशन मिलता है। उसमें दिन के 20 टास्क होते हैं। टास्क पूरा करने पर 30 प्रतिशत लाभ के साथ वापिस करते हैं। इस पर उसने भी उसमें रुपये डाल दिए। इसके बाद उन्होंने एक वेबसाइट पर रजिस्टर करवाया और उसके बाद उन्होंने रुपये भेजने की कही। इसके बाद उसने यूपीआई आईडी पर 1000 रुपये भेज दिए। जोकि उसके वेबसाइट के अकाउंट में रिचार्ज हो गया। उसके बाद उसे वेबसाइट टास्क व स्क्रीनशॉट टास्क दिया गया। टास्क पूरा किया तो 3700 रुपये उसके अकाउंट में आ गए। उसके बाद उन्होंने उसे अलग-अलग टास्क पूरा करने के नाम पर उसने कुल 1 लाख 90 हजार रुपये अलग-अलग अकाउंट में उनके पास भेजे। इसके बाद उन्होंने कहा कि आपके बचत के कुल 280900 रुपये हुए है जो उसके अकाउंट में डाल देंगे, लेकिन उससे पहले उसे 84270 रुपये टैक्स के देने होंगे। जिस पर उसने रुपये देने से मना कर दिया। बाद में उसे पता चला की उक्त लोगों ने उसके साथ धोखाधड़ी करके कुल 1,90,000 रुपये का हड़प लिए है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।