महेंद्रगढ़। रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत के चलते इंडक्शन चूल्हे की मांग बढ़ी है। खपत अधिक होने के कारण अब इंडक्शन चूल्हे का स्टाक खत्म हो गया है।
बीस दिनों से चल रही गैस की किल्लत के चलते बाजार में इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक बढ़ गई है। स्थिति यह है कि शहर के अधिकांश शोरूम और दुकानों में इंडक्शन का स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है।
दुकानदार अशोक सैनी, नरेश कुमार, मनीष ने बताया कि इंडक्शन का स्टॉक खत्म हो गया है। इंडक्शन की जो वेरायटी ग्राहकों को अधिक पसंद है वह भी नहीं मिल रही है। नए स्टॉक के लिए डिमांड भेजी जा चुकी है। 20 दिनों में दुकानों पर एक हजार से अधिक इंडक्शन चूल्हे बिक चुके हैं।
ग्राहकों मांग को देखते हुए दुकानदारों ने नए स्टॉक की डिमांड पहले ही भेज दी थी लेकिन थोक विक्रेताओं की ओर से भी आपूर्ति में हाथ खड़े कर दिए गए हैं। उनका कहना है कि कंपनियों से ही पर्याप्त माल नहीं मिल पा रहा जिससे बाजार में संकट और गहरा गया है।
इंडक्शन की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला है। जहां पहले इंडक्शन चूल्हे एक से दो हजार रुपये तक आसानी से मिल जाते थे वहीं अब उनकी कीमत भी तीन हजार रुपये तक पहुंच गई है।
ग्राहक कुलदीप, सुरेश, लक्ष्मण, ललित जोशी, सुभाष ने कहा कि गैस सिलिंडर समय पर नहीं मिल रहा जिससे खाना बनाने में दिक्कत हो रही है।
ऐसे में इंडक्शन ही एकमात्र विकल्प बचता है, लेकिन वह भी बाजार में अब वह भी मन पसंद वैरायटी में उपलब्ध नहीं है। शहर के अधिकांश बड़े शोरूमों पर चक्कर लगाने के बावजूद भी इंडक्शन नहीं मिल रहे हैं।