महेंद्रगढ़। स्थानीय स्तर पर मूली और गाजर के भावों में एक सप्ताह में गिरावट दर्ज की गई है। मूली 20 रुपये प्रति किलोग्राम से गिरकर 10 रुपये प्रति किलोग्राम तक आ गई हैं। इसी तरह गाजर 20 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से आसानी से उपलब्ध है। ठंड में बेहतर उत्पादन के कारण किसान बड़ी मात्रा में सब्जियों को स्थानीय मंडी में लेकर आ रहे हैं जिससे आपूर्ति बढ़ने पर कीमतों में नरमी आई है।
महेंद्रगढ़ शहर के आसपास लगभग 20 से अधिक गांवों में मूली और गाजर की खेती की जा रही है। इनमें आनावास, चामधेड़ा, बैरावास, बैरी, ऊंची भांडोर सहित अनेक गांव शामिल हैं।
ठंड से पहले किसानों की ओर से की गई तैयारी और अनुकूल मौसम के चलते फसल इस बार अच्छी हुई है। खेतों से लगातार ट्रॉलियों में भरकर सब्जियां मंडी तक पहुंच रही हैं। स्थानीय आपूर्ति में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिल रहा है।
वहीं किसानों को भी अपनी फसल की नियमित बिक्री होने से काफी फायदा हो रहा है। शहरवासियों के अनुसार पिछले दिनों सब्जियों के बढ़े दाम से रसोई का खर्च बढ़ गया था। लेकिन अभी कीमतें नीचे आने से काफी राहत महसूस हो रही है।
बॉक्स
पिछले सप्ताह के मुकाबले आवक लगभग दोगुनी हो गई है। अधिकतर जरूरतें आसपास के गांवों से पूरी हो जाती हैं। इसलिए सब्जियों के दाम भी स्थिर व किफायती बने हुए हैं। आवक इसी तरह बढ़ती रही तो आने वाले दिनों में दाम और भी स्थिर रह सकते हैं।-महेंद्र, दुकानदार, सब्जी मंडी
बॉक्स
अगर मौसम इसी तरह अनुकूल रहा तो मूली और गाजर की आपूर्ति फरवरी तक भरपूर मात्रा में जारी रहेगी। स्थानीय उत्पादन के बढ़ने से जहां ग्राहकों को सब्जियां सस्ती मिल रही हैं। लगातार आवक होने से कारोबार अच्छा हो रहा है।-नरेश यादव, दुकानदार, सब्जी मंडी
फोटो संख्या:52- सब्जी मंडी में रखी मूली--संवाद- फोटो : samvad
फोटो संख्या:52- सब्जी मंडी में रखी मूली--संवाद- फोटो : samvad