महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) महेंद्रगढ़ ने प्रतिष्ठित पत्रिका रैंकिंग में पेटेंट (इनोवेशन) की श्रेणी के अंतर्गत देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय को बीते तीन सालों में 24 पेटेंट मिले हैं। वर्ष 2024 के लिए जारी इस रैंकिंग के अंतर्गत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालयों के स्तर पर 35वां स्थान प्राप्त किया है।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि हमें इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बेहद गर्व है। पत्रिका की ओर से जारी सरकारी विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में 35वां स्थान प्राप्त करना विश्वविद्यालय समुदाय की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिचायक है। यह उपलब्धि उत्कृष्टता के लिए इनोवेशन जारी रखने और शिक्षा के क्षेत्र और बड़े पैमाने पर समाज में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।
कुलपति ने कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है जो अकादमिक उत्कृष्टता और नवाचार के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। हमारे विश्वविद्यालय ने लगातार एक मजबूत शैक्षिक ढांचा, विश्व स्तरीय शोध के अवसर और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए एक पोषण वातावरण प्रदान करने का प्रयास किया है। विश्वविद्यालय के शोध अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि हमारे शैक्षणिक कार्यक्रम, अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा और शोध पहल रैंकिंग में हमारी बढ़त में महत्वपूर्ण रहे हैं।