नारनौल। महता चौक के पास चोर एक बंद मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए। मकान मालिक के घर आने के बाद रविवार को घटना का पता चला। इसके बाद पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में महता चौक वासी दुर्गेश पुत्र कैलाशचंद गोयल ने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ करीब साढ़े तीन वर्ष से पहले गुड़गांव चला गया था। इसके बाद वह अब रेवाड़ी में रह रहा है। उनका घर काफी दिनों से बंद रहता है। घर में उसकी शादी के सोने के जेवरात रखे हुए थे। परिवार शनिवार या रविवार को यहां पर आता है। रविवार को जब वह घर पर आया तो उसने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का सारा सामान अस्तव्यस्त पड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चुरा कर ले गए। इनमें चार सोने की चूड़ियां, एक सोने की चैन, चार अंगुठी जिसमें एक चांदी की अंगुठी व एक जोड़ी टोपस शामिल हैं। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। घटना की सूचना पाकर ओल्ड सिटी चौकी प्रभारी अभय सिंह मौके पर पहुंचा व मौका मुआयना किया।