गांव खुडाना में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) के लिए दो कंपनियों ने एचएसआईआईडीसी ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर दिलचस्पी दिखाई है। रजिस्ट्रेशन कम होने के कारण अब हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसरंचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) दोबारा से आवेदन मांगेगी। जिसमें 15 दिन बढ़ाया जा सकता है। इस संबंध में सोमवार को एमडी से अधिकारियों की मीटिंग होनी है। मीटिंग में ईआईओ की तारीख बढ़ाने पर अंतिम फैसला होगा। 5 से 7 कंपनी रजिस्ट्रेशन हो ताकि एक कंपीटिशन बना रहे।
महेंद्रगढ़ के गांव खुडाना में लगभग 1500 एकड़ में आईएमटी स्थापित की जानी है। लगभग 200 करोड़ रुपये से इस पर खर्च किए जाने हैं। विभाग ने उद्यमियों का फीडबैक जानने के लिए 19 जून को विभिन्न समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित किया था। इसके लिए विभाग ने रजिस्ट्रेशन के लिए अपना पोर्टल ओपन किया था। उद्यमी को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना था। 15 जुलाई को रजिस्ट्रेशन करवाने की अंतिम तारीख थी। 15 जुलाई तक मात्र दो कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। निगम ने उद्यमियों को एक मौका देने का फैसला लिया है। लगभग 15 दिन का समय विभाग बढ़ाने पर विचार कर रहा है। इसके लिए दोबारा से न्यूज पेपर में विज्ञापन प्रकाशित करवाए जाएंगे। दोबारा से आवेदन मांगे जाने के बाद भी संख्या कम रही तो कार्पोरेशन इस पर आगे की कार्रवाई करेगा।
आईएमटी से रहेगी यह कनेक्टिविटी:
आईएमटी के मुख्य रास्ते वाली जमीन से हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय मात्र एक से डेढ़ किलोमीटर दूर है। नारनौल-महेंद्रगढ़- चरखी दादरी स्टेट हाईवे के दो किलोमीटर अंदर आईएमटी की जगह प्रस्तावित है।
आठ से दस किलोमीटर दूरी पर नेशनल हाईवे ग्रीन कोरिडोर 152 डी सिक्स लेन बनाया जा रहा है।
करीब 50 किलोमीटर दूर गांव निजामपुर के पास लॉजस्टिक हब बनाया जा रहा है। आईएमटी से 40 किलोमीटर दूर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है।
अन्य इंड्रीस्ट्रियल एरिया से दूरी
रेवाड़ी और बावल - 55 से 60 किमी
मानेसर-70 किमी
दिल्ली-135 किमी
जयपुर-200 किमी
चंडीगढ़-350 किमी
रोहतक-85 किमी
लोगों को मिलेगा रोजगार
खुडाना में आईएमटी स्थापित होने पर क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुल जाएंगे। यहां के पढ़े लिखे नौजवानों को नौकरी के लिए धारूहेड़ा, रेवाड़ी, मानेसर, गुरुग्राम, फरीदाबाद नहीं पड़ेगा। क्षेत्र से दो से तीन हजार से अधिक युवा इन शहरों में स्थित कंपनियों में काम करते हैं। आईएमटी विकसित होने के बाद 50 हजार युवाओं को रोजगार मिलने के आसार हैं।
हमने विभिन्न समाचार पत्रों में आईएमटी खुडाना के लिए ईओआई के लिए विज्ञापन जारी किया था। हम देखना चाह रहे थे कि कितने उद्यमी खुडाना के लिए अपनी दिलचस्पी दिखाते हैं। 15 जुलाई रजिस्ट्रेशन करवाने का आखिरी तारीख थी। संख्या कम होने के कारण रजिस्ट्रेशन के लिए 15 दिन का समय और बढ़ाया जा सकता है।
- रामकुमार, एसटीपी, एचएसआईआईडीसी, पंचकूला।