फोटो नंबर-14पुरानी कचहरी में खोखा हटाने के दौरान उलझते नप अधिकारी व खोखा संचालक। संवाद
नारनौल। नगर परिषद ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वीरवार को पुरानी कचहरी परिसर में बने अवैध खोखे को हटवा दिया। यह अभियान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी जोगेंद्र सिंह कालीरामणा के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान जेई विकास शर्मा और प्रवीण खटक सहित नगर परिषद की टीम मौजूद रही।
नगर परिषद की टीम पुलिस बल के साथ जैसे ही अवैध खोखे को हटाने पहुंची, वहां अतिक्रमण कर बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लोगों ने अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान खोखा संचालक और नगर परिषद अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। हालांकि, अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए अवैध खोखे को हटवा दिया।
नगर परिषद के ईओ जोगेंद्र सिंह कालीरामणा ने बताया कि पुरानी कचहरी परिसर में जिस स्थान पर सांझा बाजार शुरू किया जाना है, वहां अवैध अतिक्रमण के कारण परेशानी हो रही थी। एक व्यक्ति ने खाने-पीने का इतना बड़ा खोखा बना रखा था कि वह रेस्टोरेंट जैसा दिखाई देता था। ऐसे में बाजार शुरू करने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक था। संवाद