नियम 134ए के तहत बच्चों का दाखिला नहीं होने पर गुस्साए अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने धरना देकर नारेबाजी की। धरना के बाद कार्यकारी बीईओ पवन भारद्वाज को ज्ञापन सौंपकर निजी स्कूलों में बच्चों के दाखिले करवाने की मांग की। शहर के दो निजी स्कूलों में 134ए के तहत दाखिले न करने पर अभिभावक पिछले दो सप्ताह से खंड शिक्षा अधिकारी व निजी स्कूलों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। शुक्रवार को अंतिम तिथि होने के बावजूद भी निजी स्कूलों में दाखिला नहीं मिलने से परेशान अभिभावकों ने बीईओ कार्यालय के सामने धरना देकर नारेबाजी की।
शुक्रवार को नियम 134ए दाखिले का अंतिम दिन होने के कारण अभिभावकों का गुस्सा फूटा और खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। सुबह अभिभावक बीईओ से मिलने के लिए आए, लेकिन बीईओ के नहीं मिलने के कारण दोपहर 12.15 बजे कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। स्कूलों व प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी शुरू कर दी। बीईओ की गैर मौजूदगी में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के प्राचार्य पवन भारद्वाज ने आकर ज्ञापन लिया। अभिभावकों ने एक घंटे तक धरना दिया।
उन्होेंने कहा कि जल्द से जल्द बच्चों का दाखिला करवाएं और जब तक दाखिला नहीं हो जाता तब तक अंतिम तिथि को बढ़ाया जाए। अगर इन दोनों स्कूलों में दाखिला हो जाता हैं तब ये दोनों स्कूल बच्चों के साथ भेदभाव करेंगे। बच्चों को दाखिला इस स्कूल की बजाय किसी अन्य स्कूल में करवाएं, ताकि बच्चे अच्छी तरह से शिक्षा ग्रहण कर सकें। ये बच्चे कल के भविष्य हैं। इस मौके पर राजबीर चनेजा, रमेश कुमार, गजराज, अजीत कुमार, दशरथ, देशराज, भैरु, दीपक, सुनीता, संदीप, अमित कुमार, हंसराज, संदीप कुमार, राजेश, राजकुमार, विनय, मुकेश, जोगेंद्र सहित अन्य अभिभावक उपस्थित रहे।
अभिभावकों द्वारा मांगपत्र सौंपकर बच्चों के दाखिलों की मांग की गई है। समस्या के समाधान का प्रयास चल रहा है। शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ उपायुक्त को भी समस्या से अवगत कराया जाएगा। नियम 134ए के तहत विद्यार्थियों का निर्धारित स्कूलों में दाखिला कराया जाएगा। -पवन भारद्वाज, कार्यवाहक बीईओ महेंद्रगढ़।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय महेंद्रगढ़ के सामने धरने पर बैठकर नारेबाजी करते बच्चों के अभिभावक।- फोटो : Narnol