फोटो 30जेएनडी14-रेलवे जंक्शन पर खड़ी हाइड्रोजन ट्रेन। संवाद
जींद। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन वीरवार सुबह 7:40 बजे जंक्शन से 37 यात्रियों को लेकर सोनीपत के लिए रवाना हुई। यह ट्रेन प्रतिदिन अपने निर्धारित समय पर आवागमन कर रही है। यात्रियों ने भी ट्रेन के सफर को आरामदायक बताते हुए इसकी शांत और प्रदूषण मुक्त यात्रा की सराहना की।
शुक्रवार को हाइड्रोजन ट्रेन को नियमित रखरखाव और तकनीकी निरीक्षण के लिए शकूरबस्ती रेलवे वर्कशॉप भेजा जाएगा। वहां विशेषज्ञों की टीम ट्रेन के विभिन्न तकनीकी उपकरणों, फ्यूल सेल सिस्टम और अन्य जरूरी हिस्सों की जांच करेगी ताकि आगामी ट्रायल पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित किए जा सकें।
हाइड्रोजन ट्रेन के सफल ट्रायल भारतीय रेलवे की हरित ऊर्जा पहल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं। इस परियोजना का उद्देश्य प्रदूषण कम करना और स्वच्छ ऊर्जा आधारित रेल परिवहन को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस तकनीक का विस्तार अन्य रेल मार्गों पर भी किया जा सकता है। फिलहाल ट्रेन का नियमित संचालन और रखरखाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।