नारनौल। पैरा शूटर संगीता खोश्या ने देहरादून में आयोजित नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता 3 से 8 सितंबर तक नेशनल राइफल एसोसिएशन की ओर से आयोजित की गई।
एकलव्य स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी के सचिव एवं कोच सुरेश चौहान ने बताया कि संगीता ने 50 मीटर 3पी राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा 10 मीटर स्टैंडिंग स्पर्धा में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। 50 मीटर प्रोन स्पर्धा में संगीता ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
संगीता बैंक ऑफ इंडिया की बहरोड़ शाखा में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी की व्यस्तता के बावजूद उन्होंने नियमित अभ्यास जारी रखा और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी है।
संगीता ने अपनी सफलता का श्रेय कोच सुरेश चौहान, बैंक प्रबंधन और परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और प्रोत्साहन से ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं। इससे पहले भी वह कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुकी हैं।