महेंद्रगढ़। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बुधवार को गांव बवानिया में उप स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखी और श्रीकृष्ण धर्मशाला का उद्घाटन किया। इसके अलावा गांव डुलाना में बस शेल्टर का भी उद्घाटन किया।
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। जो काम पिछली सरकारें नहीं कर पाईं, इस सरकार ने तेजी से किया है। प्रदेश के लिए 70 नई एम्बुलेंस का ऑर्डर दिया गया है।
इनकी उपलब्धता से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति भी की गई है।
उन्होंने महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल का जिक्र करते हुए बताया कि पहले इसका बजट 17 करोड़ रुपये था जो बाद में बढ़कर 75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि योजना में बदलाव के कारण काम प्रभावित हुआ। अब इसे दोबारा संशोधित कर करीब 40 करोड़ रुपये की लागत में पूरा करने की योजना बनाई जा रही है। जैसे ही अतिरिक्त बजट स्वीकृत होगा, अस्पताल का कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने गांव बवानिया में उप स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखी और श्रीकृष्णा धर्मशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने गांव डुलाना और बवानियां के विकास कार्यों के लिए 11-11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इस अवसर पर नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव भी मौजूद रहे।
खराब फसल की कराई जाएगी गिरदावरी
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने मंगलवार दोपहर बाद क्षेत्र में हुई बारिश व ओलावृष्टि से हुए नुकसान पर मंत्री ने कहा कि जहां भी 25 प्रतिशत से अधिक फसल नुकसान हुआ है, वहां गिरदावरी करवाई जाएगी और किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। प्रदेश सरकार किसानों के साथ है।