ओमिक्रॉन वायरस के संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ अब जांच का दायरा भी बढ़ाया गया है। महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन करीब 50 से 100 से सैंपल लिए जा रहे हैं। वहीं बढ़ती ठंड के कारण भी खांसी-जुकाम के रोगियों की संख्या बढ़ रही है, जिसके चलते लोग भी जांच के लिए आ रहे हैं। अगर किसी की हल्की सी भी खांसी-जुकाम हो रही है तो शीघ्र जांच कराने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विदेशों में आवागमन करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
टीकाकरण प्रमाणपत्र अनिवार्य होने से बढ़ी जांच
सरकार द्वारा भर्ती देखने, तीर्थ स्थलों पर जाने के लिए कोरोना रिपोर्ट अनिवार्य करने के कारण भी नागरिक अस्पताल में जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। अधिकांश भर्ती एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए टीकारण प्रमाण पत्र अनिवार्य किया जाने से भी टीकाकरण को रफ्तार मिली है। तीसरी लहर की आशंका को लेकर शहर के 15 वार्डों के 30 आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर लगाकर टीकाकरण अभियान चलाया जा चुका है। इसके अलावा टीमें घर-घर जाकर टीकाकरण अभियान चल रही हैं। नागरिक अस्पताल की टीम में स्वास्थ्यकर्मी सरोज सैन, मोनिका जांगड़ा, विक्की प्रजापत की टीम आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है।
दो माह में 700 ने कराई जांच
दो माह में लगभग 700 लोग कोरोना जांच करवा चुके है। रविवार को भी कोरोना की जांच की जाती है और कोरोनारोधी टीके लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा कोरोना नियमों का भी नियमित रूप से पालन करें तथा मास्क का प्रयोग करने के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
सरकार द्वारा दी गई हिदायत अनुसार कोरोना संक्रमण के खतरे को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें टीकाकरण करने के साथ-साथ लोगों को जागरूक कर रही हैं। लोगों से अपील है कि सभी कोरोना के दोनों टीके अवश्य लगवाएं। कोरोना नियमों का भी नियमित रूप से पालन करें तथा मास्क का प्रयोग करें। खांसी, बुखार व अन्य समस्या होने पर शीघ्र ही अपनी जांच करवाए।
डॉ. मोनू यादव, प्रवर चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल