नारनौल। मतदाताओं को आगामी लोकसभा आम चुनाव 2024 में अपना मत का प्रयोग करने के लिए जिला प्रशासन विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से 14 अप्रैल को सुबह 5:30 बजे रेवाड़ी रोड पर 152-डी बाइपास पर हाफ मैराथन का आयोजन करेगा।
अतिरिक्त उपायुक्त और स्वीप एक्टिविटी के नोडल अधिकारी दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्ट्रॉल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के तहत मतदाता शिक्षा और चुनाव में भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए रविवार को हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की थीम ''चुनाव का पर्व-देश का गर्व'' रहेगी। उपायुक्त एवं भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र की रिटर्निंग अधिकारी मोनिका गुप्ता विजेताओं को पुरस्कृत करेंगी, जबकि इससे पहले पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। एडीसी ने बताया कि इस मैराथन में 5 -10 व 21 किलोमीटर की दौड़ शामिल रहेगी। इसके लिए युवाओं ने स्मार्ट पृथ्वीराज सोशल क्लब नीरपुर राजपूत की ओर से जारी किए गए क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण करवाया है। पंजीकृत युवा इसमें भाग ले सकेंगे।