बिना दहेज शादी करने पर वधु को आर्शीवाद देते हुए। संवाद
- फोटो : Narnol
ग्राम आकोदा निवासी कैप्टन रामकिशन यादव ने अपने बेटे डॉ. राहुल की शादी कादीपुरी निवासी आकांक्षा पुत्री संजय यादव के साथ बिना किसी दहेज के करके समाज में एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. राहुल रेडियोलोजिस्ट एवं स्पीच में एमडी है। वधू आकांक्षा भी एमएससी (मैथ) बीएड हैं। दहेज विरोधी मिशन व सर्व अनुसूचित जाति संघर्ष समिति के संयुक्त तत्वावधान में प्रधान रामेश्वर दयाल यादव व पूर्व चीफ मैनेजर चंदन सिंह जालवान ने बेटी के पिता संजय यादव व बेटे के पिता कैप्टन रामकिशन यादव को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया। इस शादी में वधू पक्ष की ओर से किसी प्रकार का कोई भी सामान दहेज के रूप में नहीं दिया गया और बरात के लिए केवल साधारण जलपान भोजन की व्यवस्था की गई। पूर्व सलाहकार व भारतीय सामाजिक परिवर्तन संघ के प्रदेश महासचिव बिरदी चंद गोठवाल ने बताया कि एक बाप के लिए बेटी ही सबसे बड़ा दहेज है। दोनों पक्षों द्वारा बिना दहेज के बच्चों की शादी करने का निर्णय करके समाज में एक मिसाल कायम की है, क्योंकि आज के माहौल में दहेज प्रथा विकराल रूप धारण कर रही है। जबकि दहेज निषेध अधिनियम 1961 में दहेज लेने व देने पर सजा का प्रावधान भी है। सामाजिक कुप्रथाओं का अंत करने के लिए कड़े कानून के प्रावधान के साथ साथ सामाजिक संस्थाओं को आगे आकर समाज को जागरूक करने की भूमिका निभानी होगी। इस अवसर पर देशराज यादव, दयानंद शर्मा, अशोक यादव, श्रद्धानंद यादव आदि उपस्थित रहे।