फोटो संख्या:56- खेल स्टेडियम की सफाई करते एसडीएम अनिल कुमार व अन्य--संवाद
महेंद्रगढ़। नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ-साथ शहर के गणमान्य नागरिक, वेटरन एयर वारियर एसोसिएशन, महाविद्यालयों स्टाफ व विद्यार्थी, सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठन स्वच्छता को लेकर आगे आ रहे हैं। इस मुहिम में दुकानदार से लेकर रेहड़ी-फड़ी वाले भी गंदगी को डस्टबिन में रखकर कचरा उठान में लगे वाहनों में डालने लगे हैं। वीरवार को वेटरन एयर वारियर एसोसिएशन के सदस्यों व नागरिकों ने स्थानीय खेल स्टेडियम परिसर में सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
वहीं नपा प्रधान रमेश सैनी ने बताया कि शहर के अंदर लगभग सात करोड़ की लागत से 35 गलियों में विकास कार्य शुरू होने जा रहे हैं। इसमें कुछ स्थानों पर कार्य शुरू हो चुके हैं, जबकि कुछ स्थानों पर 10 से 15 दोनों में विकास कार्य प्रारंभ करवा दिए जाएंगे। शहर का प्रमुख मार्ग मसानी चौक से 11 हट्टा बाजार होते हुए कॉलेज मोड़ तक दो करोड़ 67 लाख में बनने वाले इस लंबे मार्ग का टेंडर कुरुक्षेत्र की अशोका कंस्ट्रक्शन कंपनी को दे दिया गया है। जो जल्द ही अपना कार्य शुरू कर देगी।
उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 15 में 36 लाख रुपये, वार्ड नंबर 4 में 25 लाख, वार्ड नंबर 3 में 15 लाख, वार्ड नंबर 2 में 19 लाख, वार्ड नंबर 12 में 19 लाख, वार्ड नंबर 10 में चल रहे 36 लाख के कार्यों सहित शहर में अन्य नई बनाई जा रही सड़कों का निरीक्षण किया। शहर में लगभग एक करोड़ की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी शुरू किया जा रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से करने के लिए करीब 23 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर पंचकूला उच्च अधिकारियों के पास भेजा जा चुका है।
-
- वर्जन:
शहर को कूड़ा और जाममुक्त सुंदर शहर बनाना मुख्य उद्देश्य है। शहर के सब्जी मंडी, बस स्टैंड पर प्रतिदिन सफाई की जा रही है और जाम का कारण बनने वाले दुकानदारों व रेहड़ी चालकों को भी सड़क किनारों पर अतिक्रमण ना करने के निर्देश दिए गए हैं। दुकानदारों, सामाजिक, धार्मिक संगठनों व आमजन से भी लगातार अपील की जा रही है।- अनिल कुमार यादव, उपमंडल अधिकारी महेंद्रगढ़।