महेंद्रगढ़। शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल बदहाल गोशाला रोड लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, टूटी हुई परत और उड़ती धूल ने राहगीरों, वाहन चालकों का जीना मुश्किल कर दिया है। लोगों का कहना है कि अब यह सड़क कच्चे रास्ते से भी ज्यादा खराब हो चुकी है लेकिन इसके बावजूद प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है।
माजरा फाटक से मसानी चौक तक करीब एक किलोमीटर लंबा यह मार्ग जिले की बड़ी आबादी को शहर से जोड़ता है। रोजाना हजारों लोग इसी सड़क से होकर गुजरते हैं। वर्ष 2021 में बनी यह सड़क कुछ ही सालों में पूरी तरह टूट गई।
अब हालात ऐसे हैं कि वाहन चालकों को हर समय हादसे का डर बना रहता है। खासकर दोपहिया वाहन चालक और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने बताया कि सड़क टूटने के कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे सांस लेने तक में दिक्कत हो रही है। बरसात में सड़क पर पानी भर जाता है और हालात और खराब हो जाते हैं।
लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ बजट आने का इंतजार बताया जाता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण शुरू करवाने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
- वर्जन:
गोशाला रोड के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा जा चुका है। प्रदेश सरकार से बजट स्वीकृत होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-कृष्ण कुमार यादव, एसडीओ लोक निर्माण विभाग, महेंद्रगढ़