फोटो नंबर-20राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल धोलेड़ा।
नारनौल। शिक्षा विभाग ने जिले के सभी मॉडल संस्कृति और पीएमश्री स्कूलों के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों की तरह बस सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
अब इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को निशुल्क परिवहन की सुविधा दी जाएगी। इससे न केवल उन्हें सुरक्षित आवागमन मिलेगा बल्कि अभिभावकों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी कम होगा। प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में यह अहम कदम उठाया है।
सीबीएसई से मान्यता प्राप्त सभी पीएमश्री और मॉडल संस्कृति स्कूलों के छात्रों को अब राज्य परिवहन की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इस योजना को अगस्त में मुख्यमंत्री द्वारा मंजूरी दी जा चुकी थी और शिक्षा विभाग ने इसे तुरंत प्रभाव से लागू करने के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
अब तक यह सुविधा केवल नारनौल ब्लाॅक के स्कूलों को मिल रही थी लेकिन नई योजना से जिले के सभी मॉडल संस्कृति और पीएमश्री स्कूलों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं, जिन्हें स्कूल पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, अब आसानी से बस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
वर्जन-
शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार सभी स्कूलों से जानकारी मांगी गई है। जिले के सभी पीएमश्री व मॉडल संस्कृति स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को यह सुविधा प्रदान की जाएगी। योजना के तहत दूर-दराज से आने वाले छात्रों को काफी लाभ पहुंचेगा और सरकारी स्कूलों शिक्षा का स्तर भी बढ़ेगा।-सुनील दत्त, जिला शिक्षा अधिकारी, नारनौल।