रेवाड़ी। जिले के चार राजीव गांधी खेल परिसर की हालत सुधारने के लिए प्रशासन ने व्यापक मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। इन खेल परिसरों में नए ट्रैक, उन्नत बिल्डिंग और हाईमास्ट लाइट लगाने का काम किया जाएगा। इसके लिए कुल 1.49 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
खेल परिसरों में लंबे समय से जर्जर बिल्डिंग, टूटे हुए मैदान, खराब ट्रैक और लाइट की कमी के कारण खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण खिलाड़ियों का अभ्यास भी प्रभावित हो रहा था।
अब इस योजना के तहत बिल्डिंग की मरम्मत, एथलेटिक ट्रैक का नवीनीकरण और मैदान की सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने का काम किया जाएगा। इसके साथ ही स्टेडियम में हाईमास्ट लाइट भी लगाई जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को शाम के समय भी अभ्यास करने में सुविधा होगी।
पहले खेल परिसरों की स्थिति काफी खराब थी। मैदान उखड़े पड़े थे, रनिंग ट्रैक पर गड्डे बने हुए थे और बिल्डिंग की दीवारें दरारें खा चुकी थीं। बिजली की उचित व्यवस्था न होने के कारण शाम को खिलाड़ियों को परेशानी होती थी। अब मरम्मत और नई सुविधाओं के बाद खेल परिसर खिलाड़ियों के लिए अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनेगा।
इस कार्य में कोसली, ओशियाकी पांची और अन्य संबंधित क्षेत्र शामिल हैं। खिलाड़ियों की सुविधा को देखते हुए ट्रैक, बिल्डिंग और मैदान में रंग-रोगन का भी काम किया जाएगा। इससे जिले में खेलों की गुणवत्ता में सुधार होगा और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे।
मरम्मत कार्य 3–4 महीनों में पूरा होने की संभावना
कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी ममता देवी ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य न केवल खेल परिसरों की भौतिक संरचना सुधारना है बल्कि खिलाड़ियों को सुरक्षित और आधुनिक माहौल उपलब्ध कराना भी है। मरम्मत कार्य 3-4 महीनों में पूरा होने की संभावना है। इसके बाद खिलाड़ी अपनी कड़ी मेहनत और अभ्यास को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकेंगे।