गांव हरसुख की ढाणी की बणी में बुधवार को 4 राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत मिले। इसकी सूचना मिलने के बाद वीरवार को पशुपालन व वन्य प्राणी जीव विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और उनका पोस्टमार्टम किया।
ग्रामीण दिनेश, लक्ष्मण, कोशिंद्र व आदित्य ने बताया कि बुधवार शाम को जब वे गांव की बणी में घूमने के लिए गए तो 4 मोर बणी में अलग-अलग स्थानों पर मृत मिले। दो मोर के पैर मुड़े हुए थे। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। युवाओं ने बताया कि मोरों को जंगली जानवरों व कुत्तों आदि से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर रखकर इसी सूचना वन विभाग को दी गई। वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर चरण सिंह ने बताया कि वीरवार को विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई की। जिले में विभाग के पास एक गार्ड व निरीक्षक होने के कारण हर जगह पर समय पर पहुंचना असंभव होता है, फिर भी विभाग के पास जानकारी आने पर यथासंभव कार्रवाई की जाती है।