मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रेवाड़ी की टीम ने मार्केट कमेटी अधिकारियों के साथ गांव सिलारपुर में गेहूं के गोदामों पर छापा मारा। इस दौरान टीम को जांच के दौरान गोदाम के स्टॉक में गड़बड़ी मिली। जिस पर टीम ने गोदाम संचालक पर नियमानुसार जुर्माना लगाकर उससे जुर्माना राशि वसूल की।
बता दें कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम को बिना लाइसेंस के गेहूं का स्टॉक रखने की शिकायत मिली थी। जिस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम सोमवार को एसआई सतेंद्र कुमार, एएसआई कर्मपाल व एचसी सुनील कुमार के साथ मार्केट कमेटी सचिव यदुराज यादव, ऑक्शन रिकॉर्डर आदेश कुमार को लेकर जिला के गांव सिलारपुर में बने गेहूं के गोदाम पर छापामार कार्रवाई की। जहां टीम को 224 क्विंटल गेहूं पाए गए। मार्केट कमेटी के सचिव यदुराज यादव ने बताया कि बिना वैध लाइसेंस के खेड़ी तलवाना निवासी पीयूष बंसल ने गेहूं स्टॉक किया हुआ था। गोदाम में मिले गेहूं की 9173 रुपये मार्केट फीस व एचआरडीएफ की फीस बनती है तथा इतने ही रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कुल मिलाकर गोदाम संचालक से 27552 रुपये जुर्माना के रूप में वसूल किए गए। जोकि सरकार को चुना लगा रहा था। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम जिले में लगातार छापामारी कर अवैध कार्य करने वाले पर शिकंजा कस रही है।