लुजोता में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पिछले पांच दिन से बिजली सप्लाई ठप है। परेशान उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत करवा दिया। किंतु समाधान नहीं होने के कारण आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह डेढ़ घंटे तक निजामपुर-नांगल चौधरी सड़क मार्ग को जाम कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीओ हनुमान दत्त शर्मा ने जल्द सप्लाई बहाल करवाने का भरोसा देकर करीब जाम खुलवाया। राकेश कुमार, दिलबाग, महेश कुमार आदि ग्रामीणों ने बताया कि विभाग द्वारा ग्रामीणों को घरेलू विद्युत सप्लाई मुहैया करवाई गई है। जिससे वाटर सप्लाई बोरवेल के कनेक्शन जोड़ रखे हैं।
पांच दिन पहले ट्रांसफार्मर जलने के कारण ग्रामीणों को बिजली किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बिजली के अभाव में पेयजल सप्लाई ठप हो गई। पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। दूसरी ओर कूलर एवं पंखे नहीं चलने से आमजन बेहाल हैं। उन्होंने बताया कि पानी के अभाव में पशुओं की अधिक दुर्गति हो गई। जिन्हें घर पर पानी पिलाना संभव नहीं।
पशुपालक मवेशियों को खेतों में स्थित कुओं पर पानी पिला रहे हैं। पीड़ित ग्रामीणों ने सोमवार की सुबह विभागीय अधिकारियों को दूरभाष समाधान की गुहार लगाई थी। जिसके नकारात्मक रवैये पर लोगों का गुस्सा उबाल खा गया तथा सड़क पर अवरोध डालकर यातायात व्यवस्था जाम कर दी।
इस दौरान विभाग एवं सरकार विरोधी नारेबाजी की गई। इसके बाद करीब 10.45 बजे एएसआई कपूर सिंह दलबल सहित मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने समाधान होने तक गांव में रहने का भरोसा दिया। जिससे ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए तथा निगम के अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। जाम स्थल पहुंचे एसडीओ हनुमान दत्त शर्मा ने लिखित आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
शाम तक बहाल हो जाएगी सप्लाई: एसडीओ
विभाग के एसडीओ हनुमान दत्त ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के कारण विद्युत सप्लाई बाधित हो गई थी। रेवाड़ी से दूसरा ट्रांसफार्मर मंगवा लिया गया। शाम तक ग्रामीणों को बिजली उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही 100 केवी क्षमता को ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।