गांव गोद स्थित शराब ठेके के सेल्समैन को मारने की नीयत से अज्ञात युवकों ने ठेके में आग लगा दी। सेल्समैन ने इसकी शिकायत गहली चौकी में दी है। पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि वह जगदीश वाइन शराब ठेका गोद पर सेल्समैन है। 24 फरवरी को वह अपने गांव के कर्ण सिंह के साथ ठेके में बैठा था। करीब 10.00 बजे तीन युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर आए और कहने लगे कि 21 तारीख को तो तुम बच गए थे और तुमने हमारे साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया, यह ठीक नहीं किया। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल ठेके के अंदर डालकर आग लगा दी। आग से उनका दम घुटने लगा। उन्होंने कड़ी मुश्किल से ठेके के पीछे वाले गेट से निकलकर जान बचाई। आग लगने से करीब पांच-छह लाख का नुकसान हुआ है। उक्त व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर उक्त युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।