फोटो नंबर-27 गांव सरेली की पहाड़ियों में लगी आग। स्रोत: ग्रामीण
नारनौल। गांव सरेली की पहाड़ियों में शनिवार को एक बार फिर आग लग गई। गर्मी, सूखी झाड़ियों और हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पहाड़ियों पर फैले पेड़-पौधों के साथ वन्य जीवों के लिए भी खतरा पैदा हो गया। एक सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी घटना है। इससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीण सरजीत सिंह ने बताया कि पहाड़ियों से धुआं उठता दिखाई देने के कुछ ही देर बाद आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग को अवगत कराया गया लेकिन दमकल वाहन करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंचा। तब तक आग बड़े क्षेत्र में फैल चुकी थी।
पहाड़ी इलाका होने के कारण आग बुझाने में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक बड़ी संख्या में पेड़-पौधे जल चुके थे व कई छोटे वन्य जीवों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में बार-बार हो रही आग की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी रोकथाम उपाय किए जाएं। उनका कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो पर्यावरण और वन्य जीवन को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।